Share

भोपाल.मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सिवनी जिले में लाडली बहना सम्मेलन में बताया कि लाडली बहना योजना की 30वीं किस्त के रूप में अब हर बहन के खाते में 1500 रुपये भेजे गए हैं। भाईदूज पर किए गए वादे के अनुसार महिलाओं को अब पहले 1250 रुपये के बजाय 1500 रुपये हर महीने मिलेंगे।
इस सुविधा का फायदा प्रदेश की 1.26 करोड़ से अधिक बहनों ने उठाया है। सिवनी जिले की 2 लाख 68 हजार से अधिक बहनों के खातों में कुल 1857 करोड़ रुपये जमा किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि लाडली बहना योजना अब सिर्फ आर्थिक मदद नहीं, बल्कि बहनों को अवसर देने वाली योजना बन चुकी है।
बहनों को मिला आत्मसम्मान और नई दिशा
डॉ. यादव ने बताया कि योजना से बहनों ने छोटे व्यवसाय शुरू किए, बच्चों की पढ़ाई में मदद की और नए हुनर सीखे। अब तक बहनों के खातों में 45 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि जमा की जा चुकी है। मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि सशक्त बहनें ही सशक्त मध्यप्रदेश की नींव हैं।
सरकार का लक्ष्य हर बहन को आत्मनिर्भर, शिक्षित और सुरक्षित बनाना है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में नारी सशक्तिकरण के साथ ही रोजगार, कृषि और पर्यटन के क्षेत्र में भी बड़े परिवर्तन लाए जा रहे हैं।


Share